
फिरोजपुर मंडल की नई उपलब्धि: लुधियाना से हावड़ा तक पहली बार पर्सिमोन फल की रेल ढुलाई शुरू
हिमाचल की कुल्लू घाटी के "जापानी फल" अब रेल मार्ग से देश के बड़े बाजारों तक पहुंचेंगे

फिरोजपुर मंडल की नई उपलब्धि: लुधियाना से हावड़ा तक पहली बार पर्सिमोन फल की रेल ढुलाई शुरू
हिमाचल की कुल्लू घाटी के “जापानी फल” अब रेल मार्ग से देश के बड़े बाजारों तक पहुंचेंगे
फिरोजपुर, 13 सितंबर 2026: उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए लुधियाना से हावड़ा तक पर्सिमोन फल की रेल ढुलाई पहली बार शुरू की है। पर्सिमोन को “जापानी फल” या “अमरफल” के नाम से भी जाना जाता है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से यह नया यातायात प्राप्त किया गया है। 12 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 13006 (अमृतसर–हावड़ा मेल) के एसएलआर कोच में लुधियाना रेलवे स्टेशन से पर्सिमोन फलों की आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। लुधियाना से 98 पैकेटों में कुल 2,600 किलोग्राम पर्सिमोन हावड़ा के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की कुल्लू घाटी सहित ठंडे बागवानी क्षेत्रों के किसान अब बड़े पैमाने पर पर्सिमोन की खेती अपना रहे हैं, क्योंकि इसमें कम लागत, बेहतर मूल्य और बढ़ती घरेलू मांग की संभावनाएं हैं। पोषण के लिहाज से भी पर्सिमोन एक गुणकारी फल है — इसमें विटामिन-सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं और यह कम कैलोरी वाला पौष्टिक फल है। बदलती जलवायु परिस्थितियों में इसे सेब की तुलना में अधिक अनुकूल भी माना जा रहा है।
फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश से आने वाले पर्सिमोन फलों का यातायात लुधियाना के रास्ते रेल मार्ग से प्राप्त किया गया है। वर्तमान में यह फल हावड़ा, कोलकाता और सियालदह भेजा जा रहा है, जबकि आने वाले दिनों में पटना और गुवाहाटी जैसे अन्य प्रमुख गंतव्यों को भी इस सेवा में शामिल किए जाने की योजना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट श्री परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय एवं समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडल माल यातायात बढ़ाने तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



