
लुधियाना–फिरोजपुर और लुधियाना–धूरी सेक्शन पर दोहरीकरण कार्य से 39 ट्रेनें प्रभावित

लुधियाना–फिरोजपुर और लुधियाना–धूरी सेक्शन पर दोहरीकरण कार्य से 39 ट्रेनें प्रभावित
फिरोजपुर, 21 नवंबर, 2026: लुधियाना रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली रेलगाड़ियों के यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लुधियाना–फिरोजपुर कैंट और लुधियाना–धूरी रेलवे सेक्शन पर दोहरीकरण कार्य के चलते 20 नवंबर, 2026 से 10 जनवरी, 2027 तक कई ट्रेनें रद्द, डायवर्ट, आंशिक रूप से समाप्त या शुरू की जाएंगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को री-शेड्यूल और रास्ते में नियंत्रित भी किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अलग-अलग तारीखों पर कुल 39 ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें 22479/22480 नई दिल्ली–लोहियां खास, 22485/22486 नई दिल्ली–फिरोजपुर कैंट, 22439/22440 नई दिल्ली–एसवीडीके, 12411/12412 चंडीगढ़–अमृतसर, 14679/14680 दिल्ली–अमृतसर और 12053/12054 हरिद्वार–अमृतसर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। इनके अलावा कई पैसेंजर और लोकल ट्रेनें भी प्रभावित होंगी।
कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य के बजाय बीच के स्टेशनों तक ही चलाया जाएगा। ट्रेन नंबर 74962/74963 (फिरोजपुर कैंट–लुधियाना) 31 दिसंबर, 2026 से 8 जनवरी, 2027 तक मुल्लांपुर से ही समाप्त और शुरू होगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 74966/74967 (लोहियां खास–लुधियाना) 6 से 8 जनवरी, 2027 तक फिल्लौर जंक्शन तक ही संचालित होगी।
ट्रेन नंबर 54576 को लाधोवाल और 54572 को मुल्लांपुर में आंशिक रूप से समाप्त किया जाएगा। वहीं, ट्रेन नंबर 54053/54054 भी निर्धारित तारीखों पर जाखल जंक्शन से ही शुरू या समाप्त होंगी।
इसके अलावा नौ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा। इनमें 11057/11058 सीएसएमटी–अमृतसर, 14720 अमृतसर–बीकानेर, 19611/19612 अजमेर–अमृतसर, 12752 जम्मू तवी–नांदेड़, 19028 जम्मू तवी–बांद्रा टर्मिनस, 22941 इंदौर–ऊधमपुर और 19613 अजमेर–अमृतसर शामिल हैं। इन ट्रेनों के कुछ निर्धारित ठहराव भी प्रभावित होंगे।
दोहरीकरण कार्य के चलते 34 अन्य ट्रेनों को री-शेड्यूल या रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा। इससे इन ट्रेनों के प्रस्थान में 30 मिनट से लेकर 240 मिनट तक की देरी हो सकती है। प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनों में 12029/12031 शताब्दी एक्सप्रेस, 12497, 12919, 12926, 15707/15708, 22429/22430, 22478 और 22706 शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) के माध्यम से ट्रेनों की ताजा स्थिति और संशोधित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।




