Ferozepur News

17 दिन से NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी, पंजाब में 2 हजार स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं प्रभावित

टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और टीबी स्क्रीनिंग का काम ठप; 27 नवंबर से आंदोलन तेज करने की चेतावनी

17 दिन से NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी, पंजाब में 2 हजार स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं प्रभावित

17 दिन से NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी, पंजाब में 2 हजार स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं प्रभावित

टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और टीबी स्क्रीनिंग का काम ठप; 27 नवंबर से आंदोलन तेज करने की चेतावनी

फिरोजपुर, 21-11-2026:  पंजाब के 23 जिलों में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को 17वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों की इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ रहा है। करीब 2 हजार आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में ओपीडी, नियमित स्वास्थ्य जांच, दवाइयों का वितरण तथा विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

कर्मचारी यूनियन के नेताओं के अनुसार, 4 नवंबर से जारी इस हड़ताल का असर करीब 12 से 13 हजार गांवों और शहरी क्षेत्रों की लगभग एक करोड़ आबादी तक पहुंचने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों, बुजुर्गों तथा नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने वाले मरीजों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिरोजपुर जिले में ऐसे 119 केंद्र बताए गए हैं।

नेशनल हेल्थ मिशन इंप्लाइज यूनियन के नेता मंदीप सिंह के अनुसार, हड़ताल में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ), एएनएम, आरबीएसके टीम, स्टाफ नर्स, फार्मेसी अधिकारी, टीबी स्टाफ, लैब टेक्नीशियन और अन्य कैडर के कर्मचारी शामिल हैं। इनके काम बंद होने से केवल अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निगरानी और रिपोर्टिंग भी प्रभावित हो रही है।

यूनियन नेताओं नरेंद्र सिंह, बलजीत सिंह, राजिंदर सिंह, डॉ. प्रीत मंगला, डॉ. गुरविंदर सिंह, डॉ. ललित, डॉ. मनमीत कौर, डॉ. अमन और डॉ. युवराज ने बताया कि इस हड़ताल के कारण प्रदेश में करीब 27 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों और 20 हजार सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों से जुड़ी स्वास्थ्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, हीमोग्लोबिन टेस्ट, बीमारियों की शुरुआती पहचान तथा जरूरतमंद बच्चों को अस्पताल रेफर करने का काम बाधित हो रहा है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों, किशोर-किशोरियों और गर्भवती महिलाओं की जांच भी प्रभावित हुई है।

यूनियन का कहना है कि कर्मचारी नियमितीकरण, पे-प्रोटेक्शन और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्य मंत्री और वित्त मंत्री के साथ कई बैठकें होने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि वे नियमित कर्मचारियों जैसी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें कम वेतन और नौकरी की असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

यूनियन नेताओं ने बताया कि 23 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित NHM मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 25 नवंबर को होने वाली वेलफेयर कमेटी की बैठक में कर्मचारियों के हित में ठोस प्रस्ताव रखने की मांग की जाएगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बैठक में उनकी मांगों का समाधान नहीं निकला तो 27 नवंबर से आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button