
फिरोजपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित

फिरोजपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित
फिरोजपुर, 23 सितंबर 2026: फिरोजपुर मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पखवाड़े के तहत रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल स्रोतों, फिल्टर प्लांटों और वाटर बूथों की नियमित रूप से जांच की जा रही है। साथ ही पेयजल स्थलों की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, अमृतसर, लुधियाना, फिरोजपुर कैंट, फगवाड़ा, ब्यास, फाजिल्का और मोगा सहित मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर वाटर बूथों की गहन जांच एवं सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
रेलवे स्टेशनों पर जन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है तथा ‘जल बचाओ’ का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान यात्रियों को स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।




