फिरोजपुर रेल मंडल में ट्रैक्टर माल ढुलाई में 45 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि
फिरोजपुर रेल मंडल में ट्रैक्टर माल ढुलाई में 45 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि
फिरोजपुर, 18 अगस्त, 2026: मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभिन्न हितधारकों के साथ नियमित बैठकों और बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप मंडल ने जुलाई 2026 में 35 रेक ट्रैक्टर लोडिंग दर्ज की है।
यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि में दर्ज 24 रेक की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत अधिक है। ट्रैक्टर लोडिंग में इस वृद्धि से जहां मंडल के माल यातायात में इजाफा हुआ है, वहीं रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि हुई है।
रेलवे द्वारा व्यापारियों को किफायती, समयबद्ध और ‘डोर-टू-डोर’ माल ढुलाई सुविधा उपलब्ध कराए जाने से ग्राहकों का रेलवे के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। बीडीयू द्वारा विभिन्न हितधारकों के साथ लगातार संपर्क और बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयासों से ट्रैक्टर माल ढुलाई में यह वृद्धि संभव हुई है।
फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों के अनुसार, यह उपलब्धि मंडल की कुशल कार्यप्रणाली, प्रभावी समन्वय और ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाजनक सेवाओं का परिणाम है। मंडल द्वारा माल ढुलाई को बढ़ावा देने, नए ग्राहकों को रेलवे से जोड़ने तथा मौजूदा ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






