अमृतसर-दिल्ली इंटरसिटी में सतर्क रेलवे कर्मचारी ने घर से भागी नाबालिग बच्ची को सुरक्षित परिवार के पास पहुँचाया

अमृतसर-दिल्ली इंटरसिटी में सतर्क रेलवे कर्मचारी ने घर से भागी नाबालिग बच्ची को सुरक्षित परिवार के पास पहुँचाया
फिरोजपुर, 14 नवंबर 2025: अमृतसर-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14680) में ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ श्री परशन सिंह ने सतर्कता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए एक घर से भागी नाबालिग बच्ची को सुरक्षित परिवार के पास पहुँचाया।
कोच संख्या D1, D2 और D3 में टिकट जांच के दौरान करनाल स्टेशन के पास लगभग 13-14 वर्ष की एक अकेली बच्ची मिली। पूछताछ पर बच्ची ने बताया कि वह घर से भागकर आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्री परशन सिंह ने तुरंत बच्ची से उसके घर का संपर्क नंबर लेकर अमृतसर में उसके परिवार से बात की।
रेलवे कर्मचारी की तत्परता के कारण तुरंत आरपीएफ पानीपत को सूचित किया गया। पानीपत स्टेशन पर आरपीएफ कांस्टेबल श्री राजेश और महिला कांस्टेबल मौके पर पहुँचे और बच्ची को सुरक्षित कस्टडी में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुँचाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सैनी ने बताया कि टीटीआई श्री परशन सिंह की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण यह सफलता संभव हुई। उनके कार्य ने रेलवे की छवि को गौरवान्वित किया और यह सभी रेलकर्मियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।





