फिरोजपुर सीमा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति: बीएसएफ ने ग्रामीणों को बढ़ते जलस्तर से बचाने में बढ़ाया सहयोग

फिरोजपुर सीमा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति: बीएसएफ ने ग्रामीणों को बढ़ते जलस्तर से बचाने में बढ़ाया सहयोग
फिरोजपुर, 27-8-2025: सतलुज नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण फिरोजपुर सीमा क्षेत्र के कई गाँव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। प्रभावित गाँवों के निवासियों को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सक्रिय सहायता से सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है।
बीएसएफ के जवान नावों की मदद से बाढ़ प्रभावित गाँवों से पुरुषों, महिलाओं, बच्चों एवं आवश्यक सामग्री को सुरक्षित निकालकर नागरिक आबादी को पूरा सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
गाँव कलुवाला में बीएसएफ का विशेष सहयोग:
गाँव कलुवाला में तेज जलप्रवाह के दौरान बीएसएफ के जवानों ने नावों की मदद से ग्रामीणों को सतलुज नदी पार कर गाँव कलुवाला से गाँव निहालेवाला पहुँचाया। इस दौरान कुल 14 ग्रामीणों (02 पुरुष, 10 महिलाएँ और 02 बच्चे) को सुरक्षित निकालकर स्थानांतरित किया गया।
स्थिति से निपटने हेतु बीएसएफ की 04 रेस्क्यू टीमें तैनात
•02 टीमें स्पीड बोट के साथ कलुवाला, टिंडीवाला और गट्टी राजोके के ग्रामीणों को निकाल रही हैं।
•01 टीम थाना अरिफके के अंतर्गत निहाला लवेरा, धीरागारा और सुल्तानवाला क्षेत्र में तैनात है।
•01 अन्य टीम उन गाँवों में निकासी कार्य कर रही है, जो सीमा से 3-4 किमी भीतर स्थित हैं और जहाँ बाढ़ का पानी ग्रामीण बस्तियों में प्रवेश कर चुका है।
बचाव कार्यों के साथ-साथ बीएसएफ के जवान ग्रामीणों की घरेलू सामग्री, पशुधन और आवश्यक वस्तुओं को भी डूबे हुए घरों से सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने में मदद कर रहे हैं।
बीएसएफ इस बाढ़ की स्थिति के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





