
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत वॉलीबाल मैच और साइकिल रैली आयोजित
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत वॉलीबाल मैच और साइकिल रैली आयोजित

फिरोजपुर, 25 सितंबर 2026: फिरोजपुर मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को वॉलीबाल मैच और साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
इन खेल गतिविधियों का आयोजन मंडल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, फिरोजपुर द्वारा वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी राहुल देव की अध्यक्षता में किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी, सहायक मंडल खेल अधिकारी अचरज गुप्ता, मंडल खेल सचिव सुनील कुमार सहित रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

साइकिल रैली रेलवे अधिकारी क्लब से शुरू होकर मुक्तसर रोड तक आयोजित की गई। इसके अलावा वॉलीबाल मैच भी खेला गया। खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वच्छता के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
रेलवे मंडल के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना था। सभी गतिविधियों के दौरान ‘शून्य अपशिष्ट’ प्रोटोकॉल का पालन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
फिरोजपुर मंडल ने रेलकर्मियों, उनके परिजनों और स्थानीय नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।




