फिरोजपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: अमृतसर स्टेशन पर ₹51.61 लाख का विज्ञापन अनुबंध

फिरोजपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: अमृतसर स्टेशन पर ₹51.61 लाख का विज्ञापन अनुबंध
फिरोजपुर, 26 मार्च: भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहली बार ई-नीलामी के माध्यम से लगभग ₹51.61 लाख मूल्य का विज्ञापन अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किया है।
गैर-किराया राजस्व को बढ़ाने के उद्देश्य से यह पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके तहत स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर विज्ञापन अधिकार प्रदान किए गए हैं। इस पहल के अंतर्गत स्टेशन पर आधुनिक ग्लो साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे स्टेशन की सुंदरता में वृद्धि होने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर दृश्य अनुभव भी प्राप्त होगा।
इस कदम से रेलवे को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, जिसे यात्री सुविधाओं के विकास और उन्नयन में उपयोग किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को आरामदायक, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर मंडल भविष्य में भी इस तरह के नवाचारों के माध्यम से राजस्व बढ़ाने और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।




