155 बटालियन ने जेसीपी हुसैनीवाला में मनाया सीमा सुरक्षा बल का 61वाँ स्थापना दिवस

155 बटालियन ने जेसीपी हुसैनीवाला में मनाया सीमा सुरक्षा बल का 61वाँ स्थापना दिवस
स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुत किया मनभावन लोकनृत्य
हुसैनीवाला, 2-1-2025: सीमा सुरक्षा बल की 155 बटालियन द्वारा आज जेसीपी हुसैनीवाला में अपना स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बटालियन के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमांडेंट श्री श्रवण नाथ गोस्वामी के शुभकामना संदेश के साथ हुआ, जिन्होंने स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा शहीद प्रहरियों को याद किया। उन्होंने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सीमाओं की सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
स्थापना दिवस समारोह के दौरान गुरू अमरदास इंटरनेशनल स्कूल से आए विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनभावन लोकनृत्य ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही बीएसएफ के जवानों ने भी भांगड़ा और बीहू नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित सभी अधिकारी, जवान एवं आम नागरिक मंत्रमुग्ध हो गए।
इस अवसर पर बटालियन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में देश की सुरक्षा, शांति और अखंडता के लिए संकल्प लिया गया।
यह आयोजन देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा तथा सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव और सहयोग को भी मजबूत करने के लिए मील का पत्थर साबित होगाl
समारोह में डॉक्टर सत्येंद्र सिंह उप जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी फिरोजपुर, अरुण चौधरी जिला लोक संपर्क अधिकारी, धर्मपाल बंसल समाजसेवी, अशोक बहल विशेष तौर पर हाजिर थे।





