फिरोज़पुर मंडल में पेंशनधारियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0 के तहत विशेष शिविर आयोजित

फिरोज़पुर मंडल में पेंशनधारियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0 के तहत विशेष शिविर आयोजित
फिरोज़पुर, नवंबर 18, 2025: उत्तर रेलवे के फिरोज़पुर मंडल सभागार में आज पेंशनधारियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0 के तहत मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पेंशनधारियों को उनका लाइफ सर्टिफिकेट डिजिटल माध्यम से सरल, सुरक्षित और सुगम तरीके से उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें पेंशन प्राप्त करने में कोई बाधा न आए।
शिविर के दौरान बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक श्री राजेश कुमार ने एक लाइव डेमो देकर पेंशनधारियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र आसानी से डाउनलोड और जमा करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से पेंशनधारी बिना बैंक या डाकघर गए, आधार आधारित चेहरे की पहचान प्रणाली के जरिए सुरक्षित रूप से अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। प्रमाणपत्र को बाद में जीवन प्रमाण पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती साक्षी सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी श्री बिजेंद्र कुमार सहित रेल कर्मचारियों की टीम उपस्थित रही। शिविर में 90 से अधिक पेंशनधारियों ने भाग लिया, जबकि चारों कैंपों में कुल 240 पेंशनधारी उपस्थित रहे।
फिरोज़पुर मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0 के तहत लुधियाना, जालंधर सिटी, अमृतसर और मंडल कार्यालय फिरोज़पुर में भी विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम शिविर में पहुँचकर इस सुविधा का लाभ अवश्य उठाएँ।




