बीएसएफ द्वारा राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता हेतु मोटरसाइकिल रैली का आयोजन- बीएसएफ स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर

बीएसएफ द्वारा राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता हेतु मोटरसाइकिल रैली का आयोजन- बीएसएफ स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर
हुसैनीवाला, 10-11-2025: सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा बीएसएफ स्थापना दिवस 2025 के उपलक्ष्य में जम्मू से भुज तक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रीय सुरक्षा में बीएसएफ के गौरवशाली योगदान तथा नशे की बुराई के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना है।
यह रैली 09 नवम्बर 2025 से 20 नवम्बर 2025 तक आयोजित की जा रही है तथा यह जम्मू से भुज तक लगभग 1,742 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
अपनी यात्रा के क्रम में, 10 नवम्बर 2025 को लगभग 1900 बजे, 60 बीएसएफ मोटरसाइकिल सवारों का दल JCP हुसैनीवाला पहुँचा। यह दल सेक्टर मुख्यालय गुरदासपुर से हुसैनीवाला तक लगभग 277 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए डेरा बाबा नानक, अज्नाला, राम तीर्थ, अमृतसर, वाघा, भिखीविंड, अमरकोट और खेमकरण होते हुए फिरोजपुर पहुँचा।
JCP हुसैनीवाला पहुँचने पर रैली दल का 52 एनसीसी कैडेट्स, बीएसएफ अधिकारीगण एवं जवानों द्वारा उत्साहपूर्वक और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बीएसएफ महिला प्रहरी ब्रास बैंड ने मोटरसाइकिल सवारों के स्वागत में विशेष प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बन गया। पूरा परिसर राष्ट्रीय गर्व, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत रहा।
इसके अतिरिक्त, गुरु अमर दास इंटरनेशनल स्कूल, फिरोजपुर के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को और प्रबल किया गया।
मोटरसाइकिल रैली अपने निर्धारित उद्देश्यों की दिशा में सुचारु रूप से अग्रसर है, जो नागरिकों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाते हुए राष्ट्रीय एकता और गर्व का संदेश दे रही है। रैली के सफल संचालन में स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप रैली अपने अगले पड़ाव की ओर सुचारु रूप से अग्रसर है।
11 नवम्बर 2025 को प्रातः लगभग 0830 बजे, सेक्टर मुख्यालय फिरोजपुर से रैली को रवाना किया जाएगा, जो अपनी यात्रा के अगले चरण में राजस्थान सीमा की ओर प्रस्थान करेगी।




