Ferozepur News
विवेकानंद वर्ल्ड स्कूल में एन. डी. आर. एफ. टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार पर जागरूकता सत्र का किया आयोजन

विवेकानंद वर्ल्ड स्कूल में एन. डी. आर. एफ. टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार पर जागरूकता सत्र का किया आयोजन
फ़िरोज़पुर , 15-7-2025: उपरोक्त सम्बंधित विस्तृत जानकारी देते हुए स्कूल के डायरेक्टर डा. एस. ऍन. रुद्रा ने बताया कि विवेकानंद वर्ल्ड स्कूल में आज एक अत्यंत सराहनीय एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा प्रबंधन, भूकंप सुरक्षा तथा प्राथमिक उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इस सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्रों को प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर भूकंप जैसी परिस्थितियों में स्वयं की और दूसरों की जान बचाने के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक करना था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय किस प्रकार सतर्कता और साहस से कार्य किया जा सकता है।
कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ निरीक्षक शशि कुमार ने किया। उनके साथ हेड कांस्टेबल बिनय कुमार तथा कांस्टेबल स्टाफ सतिंदर सिंह, संदीप सिंह, सुखप्रीत सिंह, अजय कुमार, महिपाल, संजीत मेहरा, पलवडे नामदेव, महेंद्र और एम.डी. खान भी उपस्थित रहे।
टीम ने विद्यार्थियों को ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ तकनीक का लाइव प्रदर्शन करके समझाया, जिससे भूकंप के समय चोट से बचाव किया जा सके। साथ ही, रक्तस्राव को रोकने के लिए टॉर्निकेट तकनीक, बेसिक फर्स्ट एड, सीपीआर देना, घायल व्यक्ति को सही स्थिति में स्थानांतरित करने जैसी गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया।
छात्रों ने पूरे सत्र में अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने टीम से जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछे और स्वयं भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। यह सत्र न केवल शिक्षाप्रद रहा, बल्कि छात्रों को व्यावहारिक जीवन-कौशल से भी संपन्न किया।
डा. रुद्रा ने कहा कि, “ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा के समय आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भाव विकसित करते हैं। हम राष्ट्रीय आपदा मोचन बल टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने अनुभव एवं कौशल से छात्रों को अत्यंत प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान किया।”
कार्यक्रम की समाप्ति पर स्कूल के चेयरमैन डॉ. गौरव सागर भास्कर ने पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए सदैव यादगार और लाभकारी सिद्ध होगा।





