
फिरोजपुर मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
डीआरएम संजीव कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेकर एकता, समानता और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करने का किया आह्वान

फिरोजपुर मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
डीआरएम संजीव कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेकर एकता, समानता और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करने का किया आह्वान
फिरोजपुर, 16 नवंबर, 2026: मंडल रेल कार्यालय, फिरोजपुर के सभागार में सोमवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने की।
इस अवसर पर आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, वीरता और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया। उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर फिरोजपुर मंडल में 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया गया, जिसके तहत विभिन्न जागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर डीआरएम संजीव कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता, सामाजिक एकता और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज जनजातीय समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रहे हैं।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाते हुए एकता, समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने के साथ-साथ राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी सहित अन्य रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त एससी-एसटी एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष आर.डी. मीणा, मंडल सचिव सतीश कुमार तथा एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




