
Ferozepur News
डीसीएम इनोवेटर्स एक्सपो में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विज्ञान और तकनीक के मॉडलों से दिया स्टार्टअप का संदेश

डीसीएम इनोवेटर्स एक्सपो में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विज्ञान और तकनीक के मॉडलों से दिया स्टार्टअप का संदेश
– स्कूल के 80वें वर्ष के समारोहों के तहत आयोजन, बच्चों की क्रिएटिविटी और वैज्ञानिक सोच ने किया प्रभावित-
फिरोजपुर, 14 अक्तूबर 2026
बच्चों की कल्पनाओं को जब सही दिशा और अवसर मिलता है, तो वे नए विचारों से भविष्य की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं। इसी सोच को प्रोत्साहित करते हुए डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में डीसीएम इनोवेटर्स एक्सपो-2026 का आयोजन किया गया। स्कूल के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताह भर के समारोहों के तहत लगी इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी क्रिएटिविटी, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और टैक्नोलाजी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में साइंस, अटल टिंकरिंग लैब, इंफोरर्मेशन टैक्नोलाजी, भाषाओं, कला और पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न मॉडल और प्रोजैक्ट पेश किए। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को आकर्षक मॉडलों के माध्यम से साकार करते हुए यह दिखाया कि किताबी ज्ञान का उपयोग वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए किस तरह किया जा सकता है। प्रत्येक प्रोजैक्ट में बच्चों की मेहनत, जिज्ञासा और कुछ नया सीखने का उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में आरएसडी कॉलेज की प्रिंसिपल अराधना बाहरी और डिप्टी डीईओ सैकेंडरी डॉ. सतिंदर सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, नए विचारों पर काम करने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करते हैं।
स्कूल प्रिंसिपल याचना चावला ने भी युवा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। प्रदर्शनी देखने पहुंचे अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडलों में गहरी रुचि दिखाई। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
डीसीएम इनोवेटर्स एक्सपो ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढक़र प्रयोग करने, सवाल पूछने और समस्याओं के नए समाधान खोजने की प्रेरणा दी। ऐसे प्रयास बच्चों में तार्किक सोच, क्रिएटिविटी, सहयोग और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में सहायक हैं। स्कूल के 80वें वर्ष में आयोजित यह प्रदर्शनी युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
स्कूल के 44 विद्यार्थियों ने इंक ऑफ द फ्यूचर में अपने लेख लिखे ओर उसका अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। बच्चों ने हिंदी, पंजाबी, इंग्लिश में अपने मनोभावों को उतारा ओर उसे एक पुस्तक का रूप दिया गया।
विद्यार्थियों ने पंजाबी सभ्याचार, हिन्दी संस्कृति, मेहंदी आर्ट, रंगोली, पर्यावरण, आर्टीफिशियल इंटैलीजेंस सहित अंग्रेजी साहित्य, चित्रकला, पर्यावरण सम्बन्धि प्रोजैक्ट बनाकर इनोवेटर्स एक्सपो अत्याधिक प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर डिप्टी प्रिंसिपल मनीश बांगा, सीनियर जीएम कर्नल पियूष बेरी, हैड मिस्ट्रेस ऋतिका सोनी, डीजीएम अनु शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।



