Ferozepur News

इस्कॉन फिरोजपुर (नमक मंडी) की प्रथम ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया भाग

इस्कॉन फिरोजपुर (नमक मंडी) की प्रथम ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया भाग

इस्कॉन फिरोजपुर (नमक मंडी) की प्रथम ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया भाग

फिरोजपुर, 16 जुला, 2026: इस्कॉन फिरोजपुर (नमक मंडी) द्वारा गुरुवार, 16 जुलाई को परमार्थ भवन, जीरा गेट से भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं श्रीमती सुभद्रा महारानी की प्रथम ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। इस्कॉन फिरोजपुर के इतिहास में पहली बार आयोजित इस रथयात्रा ने पूरे नगर को भक्ति, उत्साह एवं आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 5:00 बजे भगवान की मंगल आरती से हुआ। इसके उपरांत दिनभर श्रीमद्भागवत कथा, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन तथा विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं के लिए प्रातः, दोपहर एवं रात्रि में महाप्रसाद (लंगर) की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका हजारों श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

दोपहर लगभग 2:00 बजे भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक छप्पन भोग अर्पित किया गया। सायं लगभग 5:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ रथ पर विराजमान हुए तथा लगभग 6:30 बजे परमार्थ भवन से भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। रथयात्रा बगदादी गेट, उधम सिंह चौक, मुल्तानी गेट, कस्तूरी गेट, अमृतसरी गेट एवं मखू गेट सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रात्रि लगभग 10:00 बजे पुनः परमार्थ भवन पहुँची।

पूरे मार्ग में “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे। हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे।” महामंत्र का अखंड हरिनाम संकीर्तन गूंजता रहा। भक्तगण पूरे उत्साह के साथ नृत्य एवं संकीर्तन करते हुए भगवान के रथ के साथ चलते रहे। लगभग 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में भाग लिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ का पुष्पवर्षा, आरती, नारियल एवं पुष्प अर्पित कर भव्य स्वागत किया। अनेक परिवार अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर भगवान के दर्शन के लिए एकत्रित हुए। छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में इस दिव्य उत्सव में भाग लिया। अनेक श्रद्धालुओं ने पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया तथा अगले वर्ष इससे भी अधिक भव्य रथयात्रा आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

पूरी रथयात्रा के दौरान रथ एवं विशेष महाप्रसाद वाहन के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं में भगवान का महाप्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत भी नगर के अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा आइसक्रीम, समोसे, चिप्स, पापड़, लाहौरी जीरा, मैंगो शेक एवं अन्य अनेक सेवा-स्टॉल लगाकर भक्तों एवं श्रद्धालुओं की सेवा की गई।

इस आयोजन के लिए विशेष रूप से भव्य रथ अमृतसर से मंगवाया गया था। अमृतसर से गुरुकुल के विद्यार्थियों एवं भक्तों की टोली भी इस अवसर पर पहुँची। इसके अतिरिक्त लुधियाना से श्रीमान पंचरत्न प्रभु के नेतृत्व में भक्तों की एक पूर्ण बस विशेष रूप से रथयात्रा में सम्मिलित हुई, जिसमें इस्कॉन यूथ फोरम (IYF) के युवा एवं कीर्तन मंडली के भक्त शामिल थे। उन्होंने पूरे मार्ग में उत्साहपूर्वक हरिनाम संकीर्तन एवं नृत्य कर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।

इस्कॉन पंजाब के रीजनल सेक्रेटरी श्रीमान इंद्रानुज दास प्रभु विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों से भक्तों का उत्साहवर्धन किया।

रथयात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में पंजाब पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम प्रशासन, शिवम सेवा दल, माँ चिंतपूर्णी वेलफेयर सोसाइटी, एंटी क्राइम दल तथा बड़ा शिवाला मंदिर सहित नगर की अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं का सराहनीय सहयोग रहा। इन सभी संस्थाओं ने ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन तथा अन्य व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भगवान श्री जगन्नाथ का दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें श्री समीर मित्तल जी, अग्रवाल सभा के सदस्यगण, समाजसेवी चंदू जी, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिगण तथा नवनिर्वाचित एम.सी. प्रधान श्री अशोक सचदेवा जी सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शहर एवं कैंट क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के आदरणीय पुजारियों एवं धर्माचार्यों ने भी रथयात्रा में सहभागिता कर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए। उनकी उपस्थिति ने इस आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाया।

इस्कॉन फिरोजपुर के वर्तमान प्रभारी श्रीमान प्राणेश्वर दास जी ने बताया कि यह आयोजन उनकी अपेक्षाओं से कहीं अधिक सफल रहा। उन्होंने कहा, “भगवान श्री जगन्नाथ की असीम कृपा तथा समस्त फिरोजपुरवासियों के सहयोग से यह प्रथम रथयात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल रही। जितनी संख्या की हमने कल्पना की थी, उससे कहीं अधिक श्रद्धालु इस दिव्य उत्सव में सम्मिलित हुए। पूरे नगरवासियों का उत्साह, सेवा-भाव एवं भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति प्रेम वास्तव में अविस्मरणीय रहा।”

इस अवसर पर इस्कॉन परिवार के अनेक वरिष्ठ भक्त एवं सेवक उपस्थित रहे, जिनमें बालगोपाल प्रभु, रसराज प्रभु, राजेश प्रभु, राधाराज प्रभु, राधाचरण प्रभु, नरेश जी, रोशन प्रभु जी, ललिता माता जी, विनय जी, पवन कक्कड़ जी, संजीव कक्कड़ जी, संजीव मैनी जी, अजय जी, राहुल खुंगर जी, विपुल जी, मोनिका माता जी, रिंकू माता जी तथा रशिम माता जी सहित अनेक भक्तगण सम्मिलित हुए। साथ ही इस्कॉन यूथ फोरम (IYF) की युवा टीम एवं विद्यार्थियों ने भी रथयात्रा की विभिन्न व्यवस्थाओं, सेवा, संकीर्तन एवं आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समस्त फिरोजपुरवासियों, प्रशासन, पुलिस, मीडिया, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों, दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं के संयुक्त सहयोग से इस्कॉन फिरोजपुर की प्रथम श्री जगन्नाथ रथयात्रा नगर के इतिहास का एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक उत्सव बन गई। अंत में इस्कॉन फिरोजपुर ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से समस्त नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button