जलंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर ‘फोर्ट्रेस चेक’ के तहत विशेष टिकट जांच अभियान

जलंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर ‘फोर्ट्रेस चेक’ के तहत विशेष टिकट जांच अभियान।”
फिरोजपुर , 15-2-2026: बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा दिनांक 14 फरवरी 2026 को जलंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान ‘फोर्ट्रेस चेक’ चलाया गया। इस सघन जांच अभियान के दौरान कुल 243 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे लगभग ₹1.67 लाख का राजस्व वसूला गया। यह अभियान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार चलाया गया। अभियान में 14 टिकट जांच कर्मी एवं आरपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
फोर्ट्रेस चेक के अंतर्गत स्टेशन परिसर में बिना पूर्व सूचना सघन टिकट जांच की जाती है। इस दौरान यात्रियों के टिकटों की गहन जांच कर बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सिंह सैनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। यात्रियों की सुविधा एवं राजस्व के बचाव को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे।




