
Ferozepur News
डीसीएम समूह ने फिरोजपुर को शिक्षा का अनमोल तोहफा दिया : कुलतार सिंह संधवां
डीसीएम इंटरनेशनल स्कूल में ‘वेव्स-26’ वार्षिक समारोह आयोजित, विद्यार्थियों की प्रतिभा और उद्यमिता शिक्षा की स्पीकर ने की सराहना

डीसीएम समूह ने फिरोजपुर को शिक्षा का अनमोल तोहफा दिया : कुलतार सिंह संधवां
डीसीएम इंटरनेशनल स्कूल में ‘वेव्स-26’ वार्षिक समारोह आयोजित, विद्यार्थियों की प्रतिभा और उद्यमिता शिक्षा की स्पीकर ने की सराहना
फिरोजपुर, 24-10-2026: पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि डीसीएम समूह ने सीमित संसाधनों के बावजूद वर्ष 1946 में शिक्षाविद् एमआर दास के नेतृत्व में संस्थान की स्थापना कर फिरोजपुर को शिक्षा का अनमोल तोहफा दिया। स्कूल स्तर पर एंटरप्रेन्योरशिप की शिक्षा शुरू करना एक सराहनीय पहल है, जो विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
वह शनिवार को डीसीएम इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक समारोह ‘वेव्स-26’ में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। ‘4 सी एंड बियॉन्ड’ थीम पर आधारित इस समारोह में हजारों विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। संधवां ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर वह भावविभोर हो उठे।
स्पीकर ने कहा कि शहीदों की धरती फिरोजपुर पहुंचकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। डीसीएम समूह के सीईओ डॉ. अनिरुद्ध गुप्ता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ उद्यमिता से जोड़ना समय की जरूरत है। इस तरह की शिक्षा बच्चों को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाने के अवसर प्रदान करेगी।
संधवां ने डीसीएम समूह के साथ अपने परिवार के पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके दादा और देश के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह 30 अक्टूबर, 1964 को डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे थे। उनका आगमन आज भी स्कूल की विजिटर बुक में दर्ज है।
समारोह में विधायक रणबीर सिंह भुल्लर, विधायक रजनीश दहिया, विधायक फौजा सिंह सरारी और नगर कौंसिल के प्रधान अशोक सचदेवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्कूल पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ी ने स्पीकर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
4 सी के माध्यम से दिखाई विद्यार्थियों की प्रतिभा
‘4 सी एंड बियॉन्ड’ थीम के तहत कक्षा तीसरी से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने क्रिटिकल थिंकिंग, कोलैबोरेशन, क्रिएटिविटी और कम्युनिकेशन को दर्शाती प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में जीवन के लिए जरूरी कौशल विकसित करना भी है।
स्कूल की प्रिंसिपल अनुराधा चंदेल ने अतिथियों का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पिछले 23 वर्षों में स्कूल ने सैकड़ों डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और खेल जगत की प्रतिभाओं को तैयार किया है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए ‘शाइनिंग स्टार’ और ‘विजकिड’ पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले में ‘विरसा ए पंजाब’ के तहत विद्यार्थियों ने भांगड़े की शानदार प्रस्तुति देकर पंजाब की समृद्ध संस्कृति और विरासत को जीवंत किया। हेडमिस्ट्रेस राबिया बजाज ने अंत में सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एडीसी कृष्ण पाल राजपूत , हिमांशु कादियान, नायब तहसीलदार रमेश ढींगरा, सेनेट मेंबर एडवोकेट मेहर सिंह मल्ल, डॉ शील सेठी, चन्दर मोहन हांडा, अनुराग ऐरी, ग्रुप के डायरेक्टर एडमिन रिटायर्ड ब्रिगेडियर नवदीप माथुर,डायरेक्टर मनजीत सिंह ढिल्लों, सीनियर जीएम मनरीत सिंह, मधु चोपड़ा वीपी सीनियर सेकेंडरी , डीजीएम गगनदीप कौर, सोनिया गुलाटी, कोऑर्डिनटर गायत्री स्याल, मंजीत कौर, सरबप्रीत, लवीना, जीवन ज्योति व अन्य स्टाफ मेंबर मौजूद थे




