
टिकट चेकिंग स्टाफ ने यात्री का खोया बैग लौटाकर पेश की ईमानदारी की मिसाल

टिकट चेकिंग स्टाफ ने यात्री का खोया बैग लौटाकर पेश की ईमानदारी की मिसाल
फिरोजपुर, 7 सितंबर 2026: रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का परिचय देते हुए एक यात्री का ट्रेन में छूटा कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित रूप से उसके परिजन को सौंपकर सामाजिक दायित्व निभाया।
दिनांक 6 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 12013 (नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस) में ड्यूटी के दौरान अमृतसर हेडक्वार्टर के टीटीआई श्री दिनेश कुमार और टीटीआई श्री चरणजीत सिंह संधू को एक काले रंग का बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन, हीरे की बालियों का एक जोड़ा और 10,000 रुपये की नकद राशि मिली।
जानकारी के अनुसार, यात्री सरहिंद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय अनजाने में अपना बैग ट्रेन में ही भूल गया था। दोनों टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्री का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और उससे संपर्क किया।
यात्री की सहमति से बैग को सुरक्षित एवं यथास्थिति में लुधियाना रेलवे स्टेशन पर उसके परिजन को सौंप दिया गया। बैग वापस मिलने पर यात्री ने रेलवे स्टाफ की तत्परता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री बसंत कुमार ने दोनों रेल कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के कारण ही रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण रेलवे की सेवा भावना और यात्रियों के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाते हैं।




