Ferozepur News
दास एंड ब्राऊन स्कूल में खुली ईमानदारी की दुकान
दास एंड ब्राऊन स्कूल में खुली ईमानदारी की दुकान

फिरोजपुर, 3 मई, 2026: आधुनिक दौर में जहां नैतिक मूल्यों की चर्चा तो बहुत होती है, लेकिन उन्हें व्यवहार में उतारने के अवसर कम मिलते हैं, वहीं दास एंड ब्राउन वर्ल्ड स्कूल ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए ‘ऑनेस्टी शॉप’ की शुरुआत की है। ‘ऑनेस्टी डे’ के अवसर पर शुरू की गई यह अनोखी दुकान बच्चों को किताबों से आगे बढक़र जीवन की सच्ची सीख दे रही है।
प्रिंसिपल डा. रूचि पांडे ने बताया कि इस शॉप की सबसे खास बात यह है कि यहां कोई दुकानदार नहीं है। स्टेशनरी की जरूरी वस्तुएं सजी हैं और छात्र अपनी जरूरत के अनुसार सामान उठाकर खुद ही निर्धारित राशि ‘ऑनेस्टी बॉक्स’ में डालते हैं। इसमें न कोई निगरानी है और न कोई दबाव है। विद्यार्थियों का सिर्फ अपने अंतर्मन की आवाज पर लिया गया निर्णय।

उन्होंने बताया कि यह पहल बच्चों को न केवल ईमानदारी का महत्व समझा रही है, बल्कि उन्हें आत्म-अनुशासन, जिम्मेदारी और विश्वास जैसे मूल्यों से भी जोड़ रही है। हर बार जब कोई छात्र सही कीमत डालता है, तो वह सिर्फ एक वस्तु नहीं खरीदता, बल्कि अपने चरित्र को और मजबूत बनाता है।
प्रिंसिपल ने कहा कि असली शिक्षा वही है जो व्यक्ति के व्यक्तित्व को संवारे। ‘ऑनेस्टी शॉप’ इसी सोच का जीवंत उदाहरण है, जहां ईमानदारी सिर्फ पढ़ाई नहीं जाती, बल्कि हर दिन जी जाती है। उन्होंने कहा कि यह छोटी सी शुरुआत जरूर है, लेकिन इसका प्रभाव गहरा और दूरगामी है—क्योंकि यहीं से बनते हैं ईमानदार और जिम्मेदार नागरिक।





