Ferozepur News

आतिशी के बयान के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का अनोखा विरोध, फिरोजपुर में लगाए गए होर्डिंग

आतिशी के बयान के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का अनोखा विरोध, फिरोजपुर में लगाए गए होर्डिंग
आतिशी के बयान के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का अनोखा विरोध, फिरोजपुर में लगाए गए होर्डिंग
फिरोजपुर, 13-12026: आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी द्वारा सिख गुरुओं को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में पंजाब में रोष का माहौल लगातार गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में फिरोजपुर शहर और छावनी क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौकों पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने विरोध स्वरूप बड़े-बड़े होर्डिंग बोर्ड लगाए हैं। इन होर्डिंग्स के माध्यम से आम आदमी पार्टी और आतिशी के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा पंजाब के उपाध्यक्ष अभिषेक धवन की अगुवाई में लगाए गए इन होर्डिंग्स पर स्पष्ट शब्दों में लिखा गया है कि “गुरुओं का अपमान नहीं सहेगा पंजाब।” होर्डिंग्स में दर्शाया गया है कि पंजाब की जनता प्रतीकात्मक रूप से आतिशी के कान खींचती हुई नजर आ रही है, जिससे यह संदेश दिया गया है कि सिख गुरुओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभिषेक धवन ने कहा कि सिख गुरु केवल एक समुदाय के नहीं, बल्कि पूरे देश की आध्यात्मिक गुरु हैं। उन्होंने कहा कि गुरुओं ने समाज को समानता, बलिदान और मानवता का संदेश दिया है। ऐसे में किसी भी नेता द्वारा सिख गुरुओं के प्रति असंवेदनशील या अपमानजनक टिप्पणी करना निंदनीय है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह बार-बार पंजाब की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है।
भाजपा युवा मोर्चा के अभिषेक धवन ने चेतावनी दी कि यदि आम आदमी पार्टी और आतिशी ने अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो आने वाले दिनों में विरोध को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अपने गुरुओं के सम्मान के लिए हमेशा एकजुट रही है और आगे भी रहेगी।
शहर और छावनी के प्रमुख चौकों पर लगे इन होर्डिंग्स ने आम लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। कई स्थानों पर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा भी देखी गई। लोगों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े विषयों पर नेताओं को बेहद संयमित और जिम्मेदार भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
भाजपा युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यह विरोध किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि सिख गुरुओं के सम्मान और पंजाब की अस्मिता की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर गुरुओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button