फिरोजपुर मंडल में आयोजित हुई राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक, 8 कर्मचारी सम्मानित

फिरोजपुर मंडल में आयोजित हुई राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक, 8 कर्मचारी सम्मानित
फिरोजपुर, 26 जून 2025: अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आर. के. कालड़ा की अध्यक्षता में आज मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन मंडल कार्यालय, फिरोजपुर में किया गया। इस बैठक में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक के दौरान राजभाषा अधिकारी श्री जी. पी. एस. चौहान ने राजभाषा विभाग द्वारा किए गए विविध कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा कार्यसूची की मानक मदों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु उठाए गए कदमों को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर “माह का राजभाषा कर्मचारी पुरस्कार योजना” के अंतर्गत 8 कर्मचारियों को अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कालड़ा द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह पहल कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।
बैठक का उद्देश्य राजकीय कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और सभी विभागों को इसके प्रति जागरूक करना था। बैठक का समापन राजभाषा अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।





