16 जुलाई को निकलेगी फिरोजपुर की पहली इस्कॉन श्री जगन्नाथ रथयात्रा

16 जुलाई को निकलेगी फिरोजपुर की पहली इस्कॉन श्री जगन्नाथ रथयात्रा
फिरोजपुर, 11-7-2026: इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्ण भावनामृत संघ इस्कॉन फिरोजपुर की ओर से 16 जुलाई को आयोजित होने वाली पहली आधिकारिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर गुरुवार को महावीर मंदिर, नमक मंडी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान रथयात्रा की तैयारियों, यात्रा मार्ग और धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इस्कॉन फिरोजपुर के प्रतिनिधि प्राणेश्वर दास ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव और सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे परमार्थ भवन से शुरू होगी। यात्रा जीरा गेट, बगदादी गेट, उधम सिंह चौक, नामदेव चौक, वाल्मीकि चौक, मैगजीन गेट, मुल्तानी गेट, कसूरी गेट, अमृतसरी गेट, बांसी गेट और मक्खू गेट से होकर पुनः परमार्थ भवन पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि यह इस्कॉन फिरोजपुर के तत्वावधान में आयोजित पहली आधिकारिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा होगी। आयोजन से संबंधित सभी निमंत्रण पत्र, प्रचार सामग्री और प्रकाशन इस्कॉन के आधिकारिक नाम और लोगो के साथ जारी किए गए हैं।
रथयात्रा के लिए विशेष रूप से भव्य रथ अमृतसर से मंगवाया जा रहा है। पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 5 बजे मंगल आरती से होगा। पूरे दिन भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन, संकीर्तन, भजन-कीर्तन और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए सुबह, दोपहर और शाम तीनों समय महाप्रसाद (लंगर) की व्यवस्था रहेगी।
प्राणेश्वर दास ने बताया कि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त होगा। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। इस्कॉन फिरोजपुर ने रथयात्रा मार्ग पर स्थित दुकानदारों, व्यापारियों और शहरवासियों से अपील की है कि वे भगवान श्री जगन्नाथ का पुष्पवर्षा, पुष्पमालाओं और प्रसाद अर्पित कर स्वागत करें तथा इस धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
इस अवसर पर बालगोपाल प्रभु, रसराज प्रभु, राजेश प्रभु, विनय, पवन कक्कड़ और निमाई प्रभु सहित अनेक भक्त एवं सेवक उपस्थित रहे। अंत में इस्कॉन फिरोजपुर ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।





