रेलवे ट्रैक अथवा ओएचई तारों के आस-पास पतंग उड़ाना हो सकता है जानलेवा

रेलवे ट्रैक अथवा ओएचई तारों के आस-पास पतंग उड़ाना हो सकता है जानलेवा
फिरोजपुर 12 जनवरी 2026 :फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलयात्रियों एवं आम नागरिकों को रेलवे परिसर में सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु निरंतर अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में, मंडल द्वारा ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओ.एच.ई.) तारों के आस-पास पतंग न उड़ाने के संबंध में विशेष जन-जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। रेलवे की ओएचई लाइनों में 25,000 वोल्ट की बिजली प्रवाहित होती है।
पतंग की डोर इन तारों के संपर्क में आने पर गंभीर विद्युत दुर्घटना, झटका अथवा जान-माल की हानि भी हो सकती है। खासकर बच्चे अनजाने में रेलवे ट्रैक एवं ओएचई तारों के पास पतंग उड़ाते हैं, जो अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सिंह सैनी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ओएचई तारों के खतरे के प्रति जागरूक करें जिससे वे रेलवे ट्रैक के समीप पतंग न उड़ाएं। फिरोजपुर मंडल आम लोगों से सहयोग की अपेक्षा करता है।





