माल लदान में रिकॉर्ड वृद्धि: फिरोजपुर रेल मंडल ने जून माह में कमाया 190 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व

माल लदान में रिकॉर्ड वृद्धि: फिरोजपुर रेल मंडल ने जून माह में कमाया 190 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व
फिरोजपुर, 1 जुलाई, 2025: भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के जून माह में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की हैं। मंडल के कर्मचारियों और अधिकारियों के सतत्, अनुशासित प्रयासों और कुशल प्रबंधन के चलते इस अवधि में 1.05 मिलियन टन माल लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक है।
मालभाड़ा से मंडल को इस माह में लगभग ₹190.37 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वित्त वर्ष के इसी अवधि की तुलना में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
फिरोजपुर मंडल ने खाद्यान्न, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ, ट्रैक्टर जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं की लोडिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया। जून 2025 में 0.94 मिलियन टन खाद्यान्न लोड किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49% अधिक रहा। इसके अतिरिक्त, 25 रैक ट्रैक्टर की लोडिंग की गई, जो 8% की वृद्धि दर्शाती है।
मंडल की ट्रेन समयपालन दर जून माह में 83% से अधिक रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14% ज्यादा है। यात्रियों की सुविधा हेतु फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से हजूर साहेब नांदेड़ और हरिद्वार के लिए दो नई साप्ताहिक ट्रेन सेवाएं भी शुरू की गईं, जिससे विभिन्न वर्गों के यात्रियों को लाभ हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजय साहू ने इन उपलब्धियों का श्रेय परिचालन, वाणिज्य, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, सिग्नल व दूरसंचार, विद्युत और आरपीएफ विभागों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की विश्वसनीय, सुरक्षित और तेज यातायात सुविधा से उद्योगों को लाभ मिल रहा है और यह राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने में योगदान कर रही है।




