छावनी शॉपकीपर यूनियन का ऐलान – अमेज़ॉन और फ्लिपकार्ट का करेंगे बहिष्कार

छावनी शॉपकीपर यूनियन का ऐलान – अमेज़ॉन और फ्लिपकार्ट का करेंगे बहिष्कार
फिरोजपुर, 14 जुलाई, 2025 : फिरोजपुर छावनी शॉपकीपर यूनियन ने ऑनलाइन रिटेल कंपनियों अमेज़ॉन और फ्लिपकार्ट के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इनका बहिष्कार करने का फैसला लिया है। सोमवार को यूनियन की बैठक में सर्वसम्मति से यह अहम निर्णय लिया गया।
यूनियन नेताओं का कहना है कि किराया, टैक्स आदि चुकाने के बावजूद स्थानीय व्यापारी लगातार घाटे में जा रहे हैं, क्योंकि ग्राहक ऑनलाइन शॉपिंग की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस कारण दुकानों पर ग्राहक न के बराबर आ रहे हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया कि अब कोई भी व्यापारी इन दोनों प्लेटफॉर्म्स से सामान नहीं मंगवाएगा और न ही ग्राहकों को इसके लिए प्रोत्साहित करेगा।
बैठक में यूनियन नेताओं अनुज मित्तल और विपिन गर्ग ने कहा कि यह फैसला स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बिक्री के कारण छोटे दुकानदारों के सामने दुकान बंद करने की नौबत आ रही है। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेज़ॉन और फ्लिपकार्ट उन इलाकों में भी डिलीवरी कर रहे हैं, जहां दुकानदार बेहतर सेवा दे रहे हैं।
यूनियन ने अपने कामकाज को और बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए चार नए व्यापारियों – दीपक महाजन, विशाल गर्ग, कमल सेठी और संजीव अरोड़ा – को अपनी एग्जीक्यूटिव कमेटी में शामिल किया है। साथ ही निर्णय लिया गया कि भविष्य में व्यापारियों की हर छोटी-बड़ी समस्या का हल इसी प्रकार बैठकों के माध्यम से किया जाएगा।
यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करता तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि व्यापारियों को नियम-कायदों के नाम पर परेशान किया गया तो व्यापारी एकजुट होकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में अनुज मित्तल, विपिन गर्ग, दीपक महाजन, राजीव गर्ग, कमल सेठी, संजीव अरोड़ा, पंकज शर्मा, नितिन बंसल, गोल्डी, सुमित, रवि सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।





