
अगस्त में टिकट चेकिंग अभियान: 24,434 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़े गए
अगस्त में टिकट चेकिंग अभियान: 24,434 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़े गए
फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान जारी, जुर्माने के रूप में 2.17 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व वसूला
फिरोजपुर, 2 सितंबर 2026: फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग दल द्वारा ट्रेनों में बिना टिकट एवं अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने के लिए लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। अगस्त 2026 के दौरान मंडल के विभिन्न ट्रेनों में टिकट जांच के दौरान कुल 24,434 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पाए गए। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2.17 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया गया।
रेलवे प्रशासन द्वारा वैध टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसके अलावा, मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए भी नियमित जांच की जा रही है। यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने से रोकने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से की गई कार्रवाई के दौरान अगस्त माह में 166 यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते हुए पकड़ा गया। इनसे एंटी-लिटरिंग एक्ट के तहत 69 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वैध यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करना है। टिकट जांच के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बिना टिकट या अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण वैध यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे, फिरोजपुर बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें और रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।





