
“फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की पहल से बढ़ा कंटेनर रेल यातायात, ढंडारी कलां से दादरी के लिए पहला एक्सपोर्ट रेक रवाना”

“फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की पहल से बढ़ा कंटेनर रेल यातायात, ढंडारी कलां से दादरी के लिए पहला एक्सपोर्ट रेक रवाना”
फिरोजपुर, 31-8-2026: फिरोजपुर मंडल के बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के निरंतर प्रयासों से दिनांक 29 अगस्त 2026 को कंटेनर डिपो ढंडारी कलां से कंटेनर डिपो दादरी के लिए कन्कोर के एक्सपोर्ट कंटेनर रेक की पहली बार सफलतापूर्वक लोडिंग की गई। इस पहल से फिरोजपुर मंडल को प्रति माह 2 अतिरिक्त कंटेनर रेक का यातायात मिलेगा।
इस नई रेल सेवा से ढंडारी कलां से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट तक निर्यात कंटेनरों के परिवहन में लगने वाला समय लगभग आधा हो जाएगा। कम ट्रांजिट समय के कारण निर्यातकों एवं व्यापारियों के लिए रेल परिवहन अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनेगा। इससे सड़क मार्ग से रेल मार्ग की ओर माल यातायात के स्थानांतरण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस व्यवस्था के तहत ढंडारी कलां सहित अन्य कंटेनर डिपो से बुक किए गए निर्यात कंटेनरों को अंतर्देशीय कंटेनर डिपो दादरी भेजा जाएगा। इसके बाद इन्हें डबल-स्टैक कंटेनर रेक में लोड कर जवाहरलाल नेहरू पोर्ट भेजा जाएगा। डबल-स्टैक रेक के माध्यम से एक ही रेक में अधिक कंटेनर यानी अधिक टी.ई.यू का परिवहन होगा, जिससे रेल की माल ढुलाई क्षमता में वृद्धि होगी। इस सुविधा का लाभ अफ्रीका, अमेरिका, कनाडा और यूरोप जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए निर्यात किए जाने वाले माल को मिलेगा। ढंडारी कलां से दादरी के लिए प्रत्येक शनिवार साप्ताहिक सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे जवाहरलाल नेहरू पोर्ट, मुंद्रा कंटेनर टर्मिनल तथा पिपावाव पोर्ट जैसे प्रमुख गंतव्यों तक निर्यात माल की तेज, सुगम और अधिक प्रभावी आवाजाही सुनिश्चित होगी।
फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा किए जा रहे प्रयासों से नए व्यापारिक ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने, सड़क से रेल की ओर माल यातायात स्थानांतरित करने तथा मंडल के माल राजस्व में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।




