
फगवाड़ा गुड्स शेड में पहली बार शुरू होगी फूड वेन सुविधा
फगवाड़ा गुड्स शेड में पहली बार शुरू होगी फूड वेन सुविधा
फिरोजपुर, 28 अगस्त 2026: गुड्स शेड में कार्यरत मजदूरों, व्यापारियों और रोड ट्रांसपोर्टरों को अब खान-पान के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच फिरोजपुर मंडल ने गुड्स शेड में कार्यरत लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे में पहली बार किसी गुड्स शेड में फूड वेन की सुविधा शुरू करने की पहल की है। यह सुविधा फिरोजपुर मंडल के फगवाड़ा रेलवे स्टेशन स्थित गुड्स शेड में उपलब्ध होगी।
फिरोजपुर मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से फगवाड़ा गुड्स शेड में फूड वेन के संचालन का पांच वर्षों का अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किया गया है। फूड वेन शुरू होने के बाद गुड्स शेड में कार्यरत मजदूरों, व्यापारियों और रोड ट्रांसपोर्टरों को कार्यस्थल पर ही उचित दरों पर भोजन एवं जलपान की सुविधा मिल सकेगी। इससे उन्हें खान-पान के लिए गुड्स शेड से बाहर जाने में लगने वाला समय भी बचेगा।
रेलवे के अनुसार, इस सुविधा से लोडिंग-अनलोडिंग कार्य को निर्धारित फ्री-टाइम के भीतर पूरा करने में मदद मिलेगी। भोजन के लिए बाहर जाने में समय कम लगने से रेक के अनावश्यक डिटेंशन में कमी आएगी और रेक टर्न में भी सुधार होगा। इससे रेलवे से जुड़े विभिन्न हितधारकों को कार्यस्थल पर ही बेहतर एवं सुविधाजनक खान-पान की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
फिरोजपुर मंडल ने कहा कि ई-नीलामी प्रणाली से पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है और रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। फगवाड़ा गुड्स शेड में फूड वेन की शुरुआत रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ गुड्स शेड में काम करने वाले लोगों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।




