Ferozepur News

फिरोजपुर: बी एस एफ द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य

फिरोजपुर: बी एस एफ द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य

बी एस एफ द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य

फिरोजपुर, 03 सितम्बर 2025: सीमा सुरक्षा बल ने मानवीय दृष्टिकोण को सर्वोपरि रखते हुए, अपने अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ बी एस एफ जल विंग के प्रतिनिधियों की मदद से जिला प्रशासन के समन्वय में सीमावर्ती गांवों में व्यापक राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। इस अभियान के दौरान अब तक लगभग 1000 ग्रामीणों को सुरक्षित रूप से बाढ़ प्रभावित गांवों जैसे धीरा घारा, निहाला लवेरा, तालिगुलाम, किलोचे, कमलेवाला, गट्टी राजोके, न्यू गट्टी राजोके और कालूवाला से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है।

इसके अतिरिक्त, BSF के जवान जिला प्रशासन एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, पानी की बोतलें, पशुओं के लिए चारा तथा अन्य आवश्यक वस्तुएँ पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं। जिन गांवों तक बाढ़ के कारण पहुँचना संभव नहीं है, वहाँ यह सामग्री BSF की नावों के माध्यम से पहुँचाई जा रही है। साथ ही, जिन गांवों से मवेशियों को बाहर निकालना कठिन है, वहाँ BSF के जवान नावों के जरिए पशुओं के लिए चारा पहुँचा रहे हैं।

लगातार सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से सीमा बाड़ (फेंसिंग) का अधिकांश भाग जलमग्न हो गया है। इसके बावजूद BSF के जवान अपनी सीमापहरा जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से निभा रहे हैं। सीमा की निगरानी नावों, गमबूट और रस्सियों की मदद से पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर की जा रही है, ताकि हर परिस्थिति में सीमा पर सतर्कता बनी रहे।

सीमा सुरक्षा बल एक ओर जहाँ देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा एवं सहायता में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button